मधुबनी के रामपट्टी मंडल कारा में बेनीपट्टी प्रखंड के परकौली निवासी रोशन यादव की मौत का मामला अब लगातार राजनीतिक रंग लेता जा रहा है। मृतक के परिवार से मिलने नेताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।
पहले जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने परिजनों से मुलाकात कर सरकार पर सवाल उठाए थे। अब गुरुवार को बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव मधुबनी पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद तेजस्वी यादव परकौली पहुंचे और रोशन यादव के परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली।
परिजनों से मुलाकात के बाद सरकार पर साधा निशाना
रोशन यादव के परिवार से मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव मधुबनी अतिथि गृह पहुंचे। यहां उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस सरकार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह खत्म हो चुकी है और अपराध बेलगाम हो गया है।
तेजस्वी यादव ने राजद की ओर से मृतक के परिवार को डेढ़ लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने सरकार से मांग की कि परिवार की दो बहनों में से किसी एक को सरकारी नौकरी दी जाए, ताकि परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके।
तेजस्वी यादव ने जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की। उन्होंने रामपट्टी मंडल कारा के जेल अधीक्षक, संबंधित रक्षाकर्मी और रहिका थाना के एसएचओ को तत्काल निलंबित करने की मांग भी सरकार के सामने रखी।









