बिहार के मुजफ्फरपुर में पुलिस ने नकली ज्यूडिशियल स्टांप और टिकट की बिक्री करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 32 फर्जी टिकट और नौ ज्यूडिशियल स्टांप पेपर बरामद किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान गिरोह का एक सदस्य मौके से फरार होने में सफल रहा।
पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि उन्होंने हाल ही में इस अवैध कारोबार की शुरुआत की थी और इसी दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
दरअसल, मुजफ्फरपुर अनुमंडल पूर्वी कार्यालय में पदस्थापित एक कर्मी और वादी रामनाथ कुमार ने फर्जी टिकट की बिक्री के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि कुछ लोग फर्जी ज्यूडिशियल स्टांप और टिकट की बिक्री कर रहे हैं। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर क्षेत्र-1 सुरेश कुमार और एसडीएम पूर्वी आनंद उत्सव के नेतृत्व में मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पूरे गिरोह का खुलासा हुआ।









